टेक्सटाइल युग के धुरंधरों का सम्मान
“बिजनेस आइकन अवार्ड ऑफ द ईयर” से देशभर के प्रमुख व्यापारी होंगे सम्मानित

सूरत।देश के टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े अग्रणी व्यापारियों को एक मंच पर सम्मानित करने के उद्देश्य से “बिजनेस आइकन अवार्ड ऑफ द ईयर” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह अनोखी पहल आकाश संस्था द्वारा की जा रही है, जिसके अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल हैं। इस अवार्ड समारोह का उद्देश्य टेक्सटाइल उद्योग में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यापारियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
इस विशेष आयोजन में देश के 13 राज्यों से चुनिंदा और प्रतिष्ठित टेक्सटाइल व्यापारी भाग लेंगे। कार्यक्रम न केवल सम्मान समारोह होगा, बल्कि अनुभव साझा करने, आपसी संवाद बढ़ाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का एक प्रभावी मंच भी सिद्ध होगा।
इस समारोह को और आकर्षक बनाने के लिए फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री भाग्यश्री विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। वे प्रहलाद अग्रवाल के साथ मिलकर विजेता व्यापारियों को सम्मानित करेंगी।
इसके अलावा अभिनेता अमन, हास्य कवि गौरव शर्मा (द ग्रेट इंडियन लाफ्टर शो) और म्यूजिक इंडस्ट्री से उन्नति शाह अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में चार चाँद लगाएंगे।
यह आयोजन टेक्सटाइल उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जहां व्यापारी अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकते हैं, नए व्यावसायिक संबंध स्थापित कर सकते हैं और उद्योग की भावी दिशा पर चर्चा कर सकते हैं।
आकास में प्रहलाद अग्रवाल ने लगभग तीन वर्ष पूर्व अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला था। उनके नेतृत्व में टेक्सटाइल व्यापार को नई दिशा मिली।पेमेंट और व्यावसायिक अनुशासन को सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने भुगतान न करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए 150 से अधिक व्यापारियों को ब्लैकलिस्ट किया। साथ ही, हजारों मामलों में 20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि व्यापारियों को वापस दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कई स्पष्ट व्यापारिक नीतियां भी लागू कीं।
इसी सकारात्मक और प्रोत्साहनकारी सोच के तहत “बिजनेस आइकन अवार्ड ऑफ द ईयर” की शुरुआत की गई है, ताकि ईमानदार, अनुशासित और नवाचारी व्यापारियों को सम्मानित कर पूरे टेक्सटाइल उद्योग को आगे बढ़ाया जा सके।




