
अहमदाबाद।कपड़ा व्यापार के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को अहमदाबाद आर्थिक अपराध निवारण शाखा (EOW) ने बिहार से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम अजय रास्तोगी है, जो मूल रूप से मुंबई के दहिसर क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
कपड़ा व्यापार के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी
जानकारी के अनुसार अजय रास्तोगी ने ‘साक्षी स्टाइल क्रिएशन’ नाम से कपड़ा व्यापार शुरू किया था। अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2024 के बीच उसने कपड़ा व्यापारी प्रमित शाह से करीब 3.90 करोड़ रुपये का ग्रे कपड़ा खरीदा। सौदे के अनुसार 20 दिनों में भुगतान किया जाना था, लेकिन आरोपी ने केवल 25 लाख रुपये ही अदा किए। इसके बाद अचानक अपनी ऑफिस बंद कर वह फरार हो गया।
EOW की कार्रवाई, बिहार से गिरफ्तारी
इस गंभीर धोखाधड़ी को लेकर पीड़ित व्यापारी प्रमित शाह ने अहमदाबाद EOW में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान EOW ने फरार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर बिहार के मुगलसराय से उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि अजय रास्तोगी पहले छोटी कंपनियों के जरिए कपड़ा व्यापार करता था, लेकिन ठगी की नीयत से उसने अहमदाबाद में नई ऑफिस शुरू की। उसने व्यापारियों का भरोसा जीतकर बड़ी मात्रा में कपड़ा खरीदा और बिना भुगतान किए फरार हो गया।फिलहाल EOW ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




