सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

भजन संध्या एवं शोभा यात्रा में भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

बापुसा धाम निराला, बापुसा नाम है प्यारा

श्री बापुसा चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रविवार को भक्तवत्सला मनीषा जी के सानिध्य में बापुसा महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिटीलाईट स्थित माहेश्वरी भवन में सायं 5:15 बजे प्रारंभ हुआ।
भजन संध्या में बीकानेर के सुप्रसिद्ध भजन गायक पिन्टू स्वामी (सौरभ डागा) ने “बापुसा धाम निराला, बापुसा नाम है प्यारा”, “बड़े निराले मेरे बापुसा, भक्तों पर कृपा बरसाते हैं” तथा “चलो बुलावा आया है” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर उपस्थित भक्तगण नाचते-झूमते नजर आए। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सूरत के कुमार गौरव ने किया।
इस अवसर पर माँ साँचल, बालाजी एवं बापुसा के दरबार को अलौकिक रूप से सजाया गया। छप्पन भोग एवं सवामणी अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
आयोजकों के अनुसार, प्रातः 10:00 बजे सिटीलाईट स्थित बापुसा धाम से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो तेरापंथ भवन एवं सच्चियाय माता मंदिर से होती हुई माहेश्वरी भवन पहुँची। शोभा यात्रा में सच्चियाय माता, बालाजी की तस्वीरें, बापुसा महाराज की मूर्ति तथा भक्तवत्सला मनीषा जी अलग-अलग बग्गियों में विराजमान थीं।
शोभा यात्रा में पुरुष वर्ग चुंदड़ी कुर्ता एवं सफेद पायजामा तथा महिलाएँ लाल चुंदड़ी की साड़ी में बापुसा के जयकारे लगाते हुए नाचते-झूमते चल रही थीं। भजन संध्या और शोभा यात्रा—दोनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कोलकाता के कारीगरों द्वारा सुसज्जित अद्भुत एवं अलौकिक दरबार आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में श्री बापुसा चेरिटेबल ट्रस्ट के नोरतन सेखानी, शांतिलाल जैन, रमेश शर्मा; बापुसा युवा शक्ति से हितेश अरोड़ा, रितेश जैन, ऋषभ दुजारी, अनिल दुगड़; तथा बापुसा महिला शक्ति से सुशीला नाहटा, नेहा अरोड़ा, अनिता बैद, ज्योति सेखानी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button