
रविवार, 16 नवंबर 2025 को फेडरेशन फ़ॉर सर्कुलर निटिंग एसोसिएशन की ईजीएम आयोजित हुई, जिसमें करीब 110 सदस्य उपस्थित रहे, जबकि बड़ी संख्या में सदस्यों ने ऑनलाइन भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 नवंबर 2025 से लागू किए गए डिलीवरी चार्ज का सभी पालन करेंगे।
एसोसिएशन के प्रमुख विष्णुभाई अग्रवाल ने बताया कि यार्न डिलीवरी चार्ज 2.25 रुपये प्रति किलो हो गया है, जिसे अभी तक नीटर्स ही वहन कर रहे थे। लेबर चार्ज में बढ़ोतरी के चलते डिलीवरी चार्ज को 2.10 रुपये प्रति किलो तय करना आवश्यक हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेमेंट की धारा 45 दिन पूर्ववत रहेगी, जबकि नियमित व्यापारियों को 15 दिन अतिरिक्त छूट दी जाएगी, यानी व्यापारी 60 दिन में भुगतान कर सकते हैं। 60 दिन से अधिक विलंब होने पर 46वें दिन से 18% ब्याज अनिवार्य होगा। सभी नीति-संबंधी निर्णय पूर्णतः सर्वसम्मति से हुए।

दूसरी ओर ट्रेड में मचा घमासान, दो एसोसिएशन आमने-सामने
मंगलवार को सूरत मंडप क्लॉथ एसोसिएशन और सूरत नीटर्स ट्रेडर्स एसोसिएशन की बैठक रघुवीर बिज़नेस एम्पायर, आईं माता रोड पर हुई। दोनों संगठनों ने फेडरेशन फ़ॉर नीटर्स एसोसिएशन के निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पुराने डिलीवरी चार्ज पर ही माल खरीदने का फैसला किया।इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि नए चार्ज के विरुद्ध पुराने चार्ज में माल खरीदने वाले व्यापारी पर 51,000 रुपये का दंड लगाया जाएगा। दंड न भरने पर संबंधित व्यापारी को संगठन से बाहर करने की चेतावनी भी जारी की गई।
इस निर्णय के बाद फेडरेशन फ़ॉर नीटर्स एसोसिएशन और दूसरी ओर मंडप क्लॉथ एसोसिएशन व नीटर्स ट्रेडर्स एसोसिएशन एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं।सूरत मंडप क्लॉथ एसोसिएशन के प्रमुख देव संचेती ने कहा कि “सूरत के नीटर्स अगर पुराने धारा-धोरण व डिलीवरी चार्ज पर माल देंगे तभी हम खरीदेंगे, अन्यथा सिलवासा व अन्य स्थानों से माल मंगवाया जाएगा।”
वहीं नीटर्स एसोसिएशन के प्रमुख विष्णुभाई अग्रवाल का कहना है कि “हमारे कारखाने सायण, पलसाणा, कठोर, किम जैसे दूरस्थ इलाकों में 70 किमी की परिधि में फैले हुए हैं। डिलीवरी चार्ज तो शुरू से ही व्यापारियों से लिया जाता रहा है; हमने सिर्फ 35 पैसे की बढ़ोतरी की है।”दोनों पक्षों के टकराव के बाद अब सूरत के निटिंग उद्योग में स्थिति और अधिक गर्माती दिखाई दे रही है, और आने वाले दिनों में इसका प्रभाव व्यापार पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है।



