
सूरत महानगरपालिका क्षेत्र के 3,410 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप
सूरत। भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा के बाद, बी.एल.ओ. द्वारा 4 दिसंबर 2025 तक गणतरी फॉर्म (Enumeration Form) से संबंधित कार्य जारी रहेगा।
यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कि किसी भी मतदाता का गणतरी फॉर्म लेना या जमा करना लंबित न रह जाए, 30 नवम्बर 2025 (रविवार) को सूरत महानगरपालिका (शहरी) क्षेत्र के सभी 3,410 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किया गया है। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर संबंधित बी.एल.ओ. सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
शहरी क्षेत्र के मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर बूथ पर मौजूद बी.एल.ओ. को गणतरी फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं। साथ ही, मतदाता बी.एल.ओ. की सहायता से मैपिंग–लिंकिंग भी करवा सकेंगे।
जिन मतदाताओं का या जिनके माता-पिता/दादा-दादी का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें किस प्रकार के दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होंगे—इस संबंध में भी बी.एल.ओ. से मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकेगा। यह जानकारी सूरत के उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई है।




