‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ मुद्दे पर कांग्रेस का राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान
3 से 11 अक्टूबर तक सूरत सहित पूरे गुजरात में चलाया जाएगा अभियान

सूरत। कांग्रेस पार्टी ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ मुद्दे को लेकर राज्यभर में जनजागृति अभियान छेड़ते हुए 3 से 11 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा की है। सूरत शहर कांग्रेस समिति की ओर से अठवालाइंस स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की और नागरिकों से लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई में शामिल होने का आह्वान किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुजरात प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नैषध देसाई, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विपुल उधनावाला और सूरत जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनहर पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए यह लड़ाई जरूरी है। इसी उद्देश्य से सूरत शहर के सभी 33 वार्डों के साथ-साथ सूरत जिले के विभिन्न तालुका मुख्यालयों, वार्डों, बूथों और मतदान केंद्रों तक हस्ताक्षर अभियान को पहुंचाया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पिछले तीन दशकों से गुजरात में कांग्रेस की सत्ता नहीं रही है, लेकिन राज्य के उज्जवल भविष्य के लिए कांग्रेस संगठन निर्माण अभियान चला रही है और जनता का व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कासिफ उस्मानी, जगदीश कनाज, अनुप राजपूत, किरण रायका और संतोष पाटिल भी मौजूद थे।
इस अभियान में जनता से स्वेच्छा से जुड़ने की अपील की गई है ताकि मुद्दे को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाया जा सके।




