
सूरत। टेक्सटाइल मार्केट में ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में परवत पाटिया घंटियाला बालाजी मंदिर के सामने राज टेक्सटाइल टावर स्थित “श्री दुर्गा टेक्सटाइल्स” और “मां दुर्गा टेक्सटाइल्स” के व्यापारी रमेशभाई अशोकभाई राठी (उम्र 35, निवासी ए-204, सोनल रेसिडेंसी, रेशमा रो-हाउस सामने, परवत पाटिया, सूरत) को तीन दलालों और छह व्यापारियों ने मिलकर कुल 41 लाख 76 हजार 356 रुपये की चपत लगा दी। फरियादी ने पूणा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
शिकायत के अनुसार रमेशभाई वर्ष 2017 से कपड़ा दलाल नरेन्द्रभाई दानु और जगदीशभाई को पहचानते थे। इन दलालों ने उन्हें विश्वास में लेते हुए कहा कि मुंबई और अहमदाबाद की बड़ी पार्टियों में कपड़े का व्यापार कराएंगे और समय पर भुगतान मिलेगा। शुरूआती सौदों में पेमेंट समय पर आने से उनका विश्वास जम गया, लेकिन बाद में जिन पार्टियों को कपड़ा भेजा गया, उन्होंने लाखों रुपये का माल मंगवाकर भुगतान टाल दिया और जांच में उनके जीएसटी नंबर भी कैंसिल पाए गए। रमेशभाई का आरोप है कि यह पूरी ठगी पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई है।
दलाल नरेन्द्रभाई के मार्फत जिन फर्मों को कपड़ा भेजा गया उनमें दीपक टेक्सटाइल्स, मालिक दत्तात्रेय वामन मंधारे, मालाड मुंबई को 3,13,310 रुपये, हेनिल टेक्सटाइल्स, मालिक विनोद तुलसीदास भानुशाली, मालाड मुंबई को 3,59,366 रुपये, माधुरी टेक्सटाइल्स, मालिक आकाश शैलेषभाई पारेख, मालाड मुंबई को 12,86,059 रुपये तथा सत्यम शिवम टेक्सटाइल्स (स्वस्तिक टेक्सटाइल्स), मालिक विनोद खीमजी कातरमल, मालाड मुंबई को 1,45,573 रुपये का कपड़ा दिया गया। इसी प्रकार दलाल जगदीशभाई के माध्यम से नंदा टेक्सटाइल्स, मालिक अशोक रामजी भानुशाली, घाटकोपर मुंबई को 4,26,960 रुपये का माल भेजा गया जबकि अहमदाबाद बीबीसी मार्केट में के. विजय प्रकाश के मालिक प्रकाश इदानदास खिलवाणी को 16,45,088 रुपये का कपड़ा उधार दिया गया। इस प्रकार तीन दलालों और छह व्यापारियों ने कुल 41,76,356 रुपये का माल उठाकर भुगतान नहीं किया।
फरियादी रमेशभाई का कहना है कि दलालों और व्यापारियों ने आपसी मिलीभगत से धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात कर कपड़े का बड़ा घोटाला किया है। उनकी शिकायत पर पूणा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच पुलिस सब इंस्पेक्टर निराली दिलीपभाई वेकरिया द्वारा की जा रही है।




