गुजरातसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

विप्र फाउंडेशन दादरा-नगर हवेली की नई कार्यकारिणी का शपथ समारोह सम्पन्न

किशन जोशी ने कहा – उन्नत समाज से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र

सिलवासा। विप्र समाज के राष्ट्रीय संगठन विप्र फाउंडेशन की दादरा-नगर हवेली इकाई की कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम होटल ग्रीन चिली सभागार में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व बालगायक राघव पारीक द्वारा प्रस्तुत परशुराम वंदना से हुआ।

समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय समन्वयक श्री किशन जोशी ने अध्यक्ष मुरारीलाल पारीक व कार्यकारी अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी को सेवा, समर्पण और संगठन की शपथ दिलाई। साथ ही महिला एवं युवा इकाई के पदाधिकारियों को दुपट्टा पहनाकर नियुक्तिपत्र प्रदान किए।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.के. दायमा ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का परिचय करवाते हुए विप्र फाउंडेशन की विभिन्न योजनाओं – शिक्षा सहायता निधि, शगुन योजना (कन्याओं के विवाह हेतु सहायता) एवं अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा प्रकल्प की जानकारी दी और इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सबको सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि किशन जोशी ने अपने संबोधन में संस्था की स्थापना से लेकर अब तक के डेढ़ दशक के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा, “उन्नत समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार बन सकता है।” उन्होंने विप्र समाज को एकजुट होकर शिक्षा, सेवा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक सावारमल माटोलिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तुलसीराम राजपुरोहित, राष्ट्रीय महामंत्री कामना खंडेलवाल, गुजरात प्रदेश महामंत्री मीठालाल पालीवाल, हनुमान शर्मा, दामोदर शर्मा, दानह प्रभारी वीरेंद्र राजपुरोहित की उपस्थिति में समारोह को गरिमा मिली।

समारोह में पठन, खेलकूद व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए युवाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नन्हीं बालिका नित्या शर्मा ने संस्कृत में शिव स्तुति पाठ की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में नव-निर्वाचित अध्यक्ष मुरारीलाल पारीक ने आभार प्रदर्शन करते हुए प्रारंभिक योगदान स्वरूप दादरा नगर हवेली इकाई की ओर से भगवान परशुराम मूर्ति प्रकल्प हेतु ₹2,11,000/- के सहयोग की घोषणा की।

कार्यक्रम का संचालन दिनेश दायमा ने कुशलतापूर्वक किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button