सूरत में गोडादरा से निकली शहर की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा
5 हज़ार से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी, भक्ति से गूंजा वातावरण

सूरत।समस्त झारखंड समाज सेवा ट्रस्ट द्वारा सूरत के गोडादरा स्थित श्री बाबा वैद्यनाथ महादेव मंदिर, नीलगिरी रोड से भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। लगातार पांच वर्षों से आयोजित होती आ रही यह यात्रा अब सूरत शहर की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा के रूप में प्रतिष्ठित हो चुकी है।
इस वर्ष की यात्रा में 5,000 से अधिक कांवड़ यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें विशेष रूप से 1,000 से अधिक महिलाओं ने भी सहभागिता कर भक्ति भावना का परिचय दिया। सभी श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ भक्तिरस में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ लिंबायत क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता पाटिल ने फूल वर्षा कर एवं श्रद्धालुओं को कांवड़ प्रदान कर किया। पूरे मार्ग पर भक्ति, अनुशासन और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद श्री यजुवेन्द्र दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर डिप्टी मेयर डॉ. नरेंद्र पाटिल, चेयरमैन नागरभाई पटेल एवं झारखंड समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
ट्रस्ट के वासुदेव महतो, महादेव वर्मा, फूलदेव वर्मा, शंकर वर्मा, संतोषकुमार वर्मा, अशोक वर्मा सहित अनेक ट्रस्टियों ने आयोजन में सेवा प्रदान की।