
सूरत।शहर के महिधरपुरा पुलिस थाने में दर्ज चीटिंग के मामले में पिछले 33 साल से पुलिस के साथ आँख मिचौली खेल रहे एक शातिर आरोपी को क्राइम ब्रांच ने छत्तीसगढ़ से धर दबोचा है। अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी अलग अलग ठिकाने बदल रहा था। दो साल से पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही थी और आखिर में उसे दबोच लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ क्राइम ब्रांच पुलिस की टीम ने बड़ी सूझबूझ के साथ छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर से 59 वर्षीय आरोपी बब्बू लक्ष्मण धोबी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके बारे में जानकारी देते हुए बाया कि आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर वर्ष 1992 में यानी 33 साल पहले महिधरपुरा
थाना क्षेत्र में से ट्रक के फर्जी कागजात बनाकर उनमे 60 लाख रूपये का जरी भरकर बनारस डिलीवरी देने के लिए निकले थे। लेकिन माल सही ठिकाने पर पहुंचाने के बजाय बेच कर चीटिंग की थी।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाने में चीटिंग का अपराध दर्ज किया था, लेकिन पिछले 33 साल से वह फरार चल रहा था। इतना ही नहीं आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग अलग राज्यों में अपने ठिकाने बदलते रहता था। यहां तक की वह अपने घर पर जाने के बजाय ट्रक चलाता था और ट्रक के अंदर ही रहता था और उसी में खाना बनाकर खाता था। इस बीच उसके बारे में ठोस जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच ने उसका करीब ढाई सौ किलो मीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।