आत्मा से परमात्मा का मिलन ही मुक्ति का मार्ग : श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिवस में कृष्ण अवतार

सूरत। अर्हम हाइट, पुना पाटिया में गौ सेवा समिति, सूरत के तत्वावधान में चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन पंडित आकाश महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ व्यास पीठ व संतों का पूजन किया गया।
समिति सदस्य रामदयाल राठी ने बताया कि कथाव्यास परम पूज्य संत श्री प्रेमाराम जी महाराज (भालू रामद्वारा) ने चौथे दिन की कथा में कहा कि जीवन का लक्ष्य आत्मा का परमात्मा से मिलन है, और यह मिलन सत्संग व कथा श्रवण से ही संभव है।
कथा प्रसंग में वामन अवतार एवं गंगा मैया की महिमा का वर्णन किया गया। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। सुंदर झांकियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महंत स्वामी अमरानंद जी महाराज (शिव धुना बापिनी) ने गौ सेवा की महत्ता बताई और गौदान के लिए प्रेरित किया। भजन गायक राजेश जी ने भावपूर्ण भजनों से भक्तों को भावविभोर किया।
एस. कुमार ने बताया कि कथा के माध्यम से बड़ी संख्या में भक्तों ने गौ सेवा में सहभागिता की और खुले मन से धनराशि समर्पित की। गौ सेवा समिति की ओर से सभी संतों व सहयोगियों का स्वागत व अभिनंदन किया गया।