
सूरत। उधना के मुगट डाइंग कंपाउंड स्थित अशोक पी. पंचाल ग्रे बुट्टा कटिंग स्पेशलिस्ट तथा पांडेसरा जीआईडीसी स्थित जय अंबाजी बुट्टा कटिंग के कारखानदारों के साथ गांधी पिता-पुत्र द्वारा बुट्टा कटिंग का जॉबवर्क करवाकर 64.75 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने और उधारी मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के दो अलग-अलग मामले उधना पुलिस में दर्ज हुए हैं।
उधना पुलिस सूत्रों के अनुसार, सचिन कनकपुर स्थित साईंनाथ सोसायटी मकान नंबर 245 में रहने वाले अशोकभाई परसोतमभाई पंचाल वर्ष 2008 से अशोक पी. पंचाल ग्रे बुट्टा कटिंग स्पेशलिस्ट नाम से कार्य कर रहे हैं। वहीं पांडेसरा चिकुवाड़ी सामने आर्विभाव सोसायटी-2, प्लॉट नंबर बी-176 में रहने वाले 50 वर्षीय भरतभाई सरलशाह गुप्ता पांडेसरा जीआईडीसी प्लॉट नंबर 250/8 में जय अंबाजी बुट्टा कटिंग वर्क नाम से रैपियर, जे-कार्ड और डोबी कपड़ों में ग्रे बुट्टा कटिंग का जॉबवर्क करते हैं।
इस दौरान उधना मुगट डाइंग कंपाउंड, हरिईच्छा सोसायटी प्लॉट नंबर बी-27/28 में राम टेक्सटाइल फर्म चलाने वाले श्रेयसभाई केतनभाई गांधी तथा साईंनाथ सिंथेटिक फर्म चलाने वाले उनके पुत्र केतन गांधी ने 01 मई 2021 से 26 जनवरी 2023 के दौरान अशोकभाई पंचाल से 37,98,541 रुपये का तथा 2 अप्रैल 2021 से जून 2024 के दौरान भरतभाई गुप्ता से 26,77,228 रुपये का बुट्टा कटिंग जॉबवर्क कराया।
दोनों कारखानदारों की कुल 64.75 लाख रुपये की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि जब उधारी मांगने गए तो गांधी पिता-पुत्र ने गाली-गलौज कर “अब उधारी के लिए आओगे तो जिंदा वापस नहीं जाओगे” कहकर धमकी दी और भुगतान करने से हाथ खड़े कर दिए।
इस मामले में अशोकभाई पंचाल और भरतभाई गुप्ता की शिकायत पर उधना पुलिस ने गांधी पिता-पुत्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 352, 351(3) तथा 54 के तहत अलग-अलग शिकायत दर्ज की है। मामले की जांच पीएसआई एम.के. ईशराणी कर रहे हैं।



