
सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा टेक्सटाइल उद्योग में उत्कृष्टता, नवाचार और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी मई 2026 में विशेष ‘टेक्सटाइल अवॉर्ड्स’ आयोजित करने की घोषणा की गई है। इस पहल के अंतर्गत कुल 45 विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कंपनियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि यह अवॉर्ड्स टेक्सटाइल उद्योग के सभी प्रमुख सेगमेंट जैसे फैब्रिक्स, यार्न, गारमेंट्स, मेड-अप्स, प्रोसेसिंग एवं डाइंग के साथ-साथ ट्रेडिंग और रिटेलिंग क्षेत्र को भी शामिल करेंगे। इसका उद्देश्य उद्योग के प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षेत्र को समान रूप से प्रोत्साहन देना है।
अवॉर्ड्स की प्रमुख श्रेणियों में प्रोडक्ट इनोवेशन एवं बेस्ट अल्टरनेट मटेरियल यूज के तहत सस्टेनेबल और वैकल्पिक कच्चे माल के उपयोग को बढ़ावा देने वाली इकाइयों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं एक्सपोर्ट क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और सस्टेनेबिलिटी अपनाने वाली कंपनियों को ‘एक्सेम्प्लरी परफॉर्मेंस इन एक्सपोर्ट्स’ श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा क्वालिटी मैनेजमेंट श्रेणी में गुणवत्ता नियंत्रण और निरंतर सुधार की आधुनिक प्रणाली अपनाने वाली संस्थाओं को सम्मान मिलेगा, जबकि टेक्नोलॉजी एडॉप्शन श्रेणी में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और आधुनिक तकनीकों को अपनाने वाले उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बेस्ट एचआर प्रैक्टिसेस के अंतर्गत कर्मचारी कल्याण और मानव संसाधन प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कंपनियों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही टेक्सटाइल रिसाइक्लिंग और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने वाली इकाइयों के लिए ‘बेस्ट रिसाइक्लर’ श्रेणी निर्धारित की गई है।
इन अवॉर्ड्स के लिए वीवर्स, निटर्स, स्पिनर्स, डाइंग एवं प्रोसेसिंग यूनिट्स, गारमेंट और टेक्निकल टेक्सटाइल निर्माता तथा मेड-अप उत्पादक आवेदन कर सकेंगे। चयनित श्रेणियों में ट्रेडर्स को भी भाग लेने का अवसर मिलेगा।
चैंबर का मानना है कि यह पहल टेक्सटाइल उद्योग में गुणवत्ता, नवाचार, तकनीकी उन्नयन और सस्टेनेबल विकास को नई दिशा देगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।




