लोकल न्यूज़सूरत सिटी

सारोली की मॉडर्न टाउन रेसिडेंसी में भीषण आग, 18 वाहन जलकर खाक — आधी रात मची अफरा-तफरी

रात 1:23 बजे पार्किंग में लगी आग ने लिया विकराल रूप, तीन फायर स्टेशनों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

सूरत : सूरत के सारोली इलाके में देर रात एक हड़कंप मचा देने वाली घटना सामने आई। सारोली स्थित मॉडर्न टाउन रेसिडेंसी के ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में लगी भीषण आग में करीब 17 से 18 वाहन जलकर खाक हो गए। आग लगने से आधी रात को पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे।शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब 1:23 बजे रेसिडेंसी के पार्किंग क्षेत्र से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते आग की लपटों ने लाइन से खड़े टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। वाहनों में मौजूद पेट्रोल और टायरों के कारण आग तेजी से फैल गई।वाहनों के टायर फटने की आवाज सुनकर सो रहे लोग घबराकर जाग गए। बिल्डिंग में रहने वाले लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर छत और खुली जगहों की ओर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरी सोसायटी में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डुंबाल, डिंडोली और पूणा फायर स्टेशन से तीन टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने चारों तरफ से पानी का छिड़काव कर आग बुझाने की कोशिश शुरू की।करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक 18 के करीब वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। इनमें कई टू-व्हीलर और कुछ महंगी कारें भी शामिल थीं। कई वाहन हाल ही में किश्तों पर खरीदे गए थे, जो पूरी तरह नष्ट हो गए।गनीमत रही कि आग रिहायशी फ्लैटों तक नहीं पहुंची और कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फिलहाल फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button