
सूरत। शहर के रिंगरोड कोहिनूर टेक्सटाइल हाउस मार्केट के व्यापारी से व्यापारिक लेन-देन के दौरान लाखों रुपये का कपड़ा माल लेने के बाद भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सलाबतपुरा पुलिस ने फर्म के प्रोपराइटर, संचालक तथा दलाल के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिटी लाइट स्थित कृष एन्क्लेव निवासी कपड़ा व्यापारी निर्मलभाई देवराजभाई नाहटा रिंगरोड स्थित कोहिनूर टेक्सटाइल हाउस की दुकान नंबर 213 में “वर्धमान सिंथेटिक”के नाम से कपड़ा व्यापार करते हैं।
न्यू पशुपति टेक्सटाइल मार्केट, मोटी बेगमपुरा रोड स्थित “बरबरिक क्रिएशन” फर्म के प्रोपराइटर आदित्य ओमप्रकाश अग्रवाल, संचालक ओमप्रकाश अग्रवाल तथा दलाल दिनेशकुमार चितलांगी ने आपसी मिलीभगत से फरियादी से संपर्क कर व्यापार शुरू किया। आरोपियों ने प्रारंभ में समय पर भुगतान कर व्यापारी का विश्वास जीत लिया।
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त 2024 से 28 जुलाई 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग बिल और चालानों के माध्यम से कुल 23,78,354 रुपये कीमत का कपड़ा माल प्राप्त किया। इसमें से आरोपियों ने 8,15,779 रुपये का आंशिक भुगतान किया, जबकि शेष 15,62,575 रुपये का भुगतान बार-बार मांगने के बावजूद नहीं किया गया।
शिकायत में आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में अपनी दुकान तथा मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए। वहीं दलाल द्वारा भी भुगतान दिलाने से इंकार करते हुए संपर्क बंद कर दिया गया। इस प्रकार आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से फरियादी के साथ धोखाधड़ी की।
इस मामले में सलाबतपुरा पुलिस में की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।पीएसआई एस.आर. यादव मामले की जांच कर रहे हैं तथा पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




