
सूरत। परवतगाम स्थित शिवम हाइट्स में रहने वाले कपड़ा व्यापारी के घर से करीब 1.50 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी करने वाली नौकरानी को गोडादरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो महीने से घर में काम कर रही थी और परिवार की नजर चूकते ही वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परवतगाम स्थित शिवम हाइट्स के फ्लैट नंबर 1002 में रहने वाले राजस्थान मूल के व्यापारी अक्षय नटवरलाल अग्रवाल रिंगरोड स्थित सिल्क सिटी मार्केट में “जगदंबा क्रिएशन” नाम से साड़ी का कारोबार करते हैं। उनकी पत्नी बबीता अग्रवाल गर्भवती होने के कारण पिछले दो महीनों से घर में काम के लिए नौकरानी दर्शना बोरसे को रखा गया था, जो बर्तन और साफ-सफाई का काम करती थी।
गत 2 अप्रैल 2026 को परिवार ने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे 50,500 रुपये के सोने के जेवर और 1 लाख रुपये नकद गायब मिले। घटना के बाद व्यापारी ने निजी स्तर पर जांच की, जिसमें नौकरानी पर संदेह गहराया। इसके बाद 4 अप्रैल 2026 को अक्षय अग्रवाल ने गोडादरा पुलिस स्टेशन में नौकरानी दर्शना बोरसे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के आधार पर पीएसआई एस.जे. कोटवाल ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी दर्शना बोरसे (उम्र 34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में संजय नगर सोसायटी, लिंबायत तथा गायत्रीनगर, गोडादरा में रहती थी, जबकि उसका मूल निवास वांकोला ब्रिज, मुंबई (महाराष्ट्र) बताया गया है।
गोडादरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



