
सूरत- शहर में कपड़ा व्यापार के नाम पर 3.23 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मोटा वराछा निवासी एक साड़ी व्यापारी ने दलाल और व्यापारी पर भरोसा कर माल बेचा, लेकिन भुगतान नहीं मिलने पर पीड़ित ने सलाबतपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तिलकभाई जशवंतभाई सोजीत्रा, निवासी मकान नंबर ई-201, पंचदेव रेसिडेंसी, भक्तिनंदन चौक, मोटा वराछा, सूरत तथा मूल निवासी गांव धारेश्वर, तहसील राजुला, जिला अमरेली, सचिन जीआईडीसी स्थित प्लॉट नंबर पी-943, रोड नंबर-37 पर “मायरा फैब” के नाम से कपड़ा उत्पादन और तैयार साड़ियों का व्यापार करते हैं।
इस दौरान उनका संपर्क कौहिनूर मार्केट के पास दलाल विजयदास लक्ष्मणदास, निवासी बी-108 मिलेनियम पार्क, साईं चौकड़ी, डिंडोली, सूरत तथा 108 बालाजी रेसिडेंसी, कडोदरा से हुआ। दलाल ने बड़े व्यापारियों को माल दिलाने और 2 प्रतिशत कमीशन पर व्यापार कराने का भरोसा दिया। इसके बाद विजयदास ने उन्हें उधना दरवाजा स्थित नव रंग बिल्डिंग, दुकान नंबर 2-633-36 में व्यापारी सुरेशकुमार होतूराम नंदवाणी उर्फ स्वामी प्रकाश आर्य से मिलवाया।
आरोपी सुरेशकुमार नंदवाणी ने खुद को “इंडियन टेक्सटाइल हाउस” फर्म का प्रोपराइटर बताते हुए बड़े स्तर पर कारोबार और समय पर भुगतान का भरोसा दिलाया। आरोपियों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने 19 नवंबर 2025 से 27 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 3,23,724 रुपये की तैयार साड़ियों का माल भेज दिया।
निर्धारित 35 से 45 दिन की अवधि के बाद भी भुगतान नहीं मिलने पर शिकायतकर्ता ने उगाही की। इस दौरान आरोपी ने तीन चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा कराने पर तीनों चेक बाउंस हो गए। बाद में जब शिकायतकर्ता आरोपी की दुकान पर पहुंचे तो सुरेशकुमार नंदवाणी ने साड़ियों की चोरी होने का बहाना बनाकर भुगतान से इनकार कर दिया और उन्हें दुकान से बाहर निकाल दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी सुरेशकुमार होतूराम नंदवाणी और दलाल विजयदास लक्ष्मणदास ने विश्वास में लेकर 3.23 लाख रुपये का माल लेकर आज तक एक भी रुपया नहीं चुकाया और उनके साथ धोखाधड़ी व विश्वासघात किया।
मामले की शिकायत मिलने पर सलाबतपुरा पुलिस ने दलाल और व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर वी.आई. राठौड़ द्वारा की जा रही है



