
सूरत। गोडादरा रोड स्थित स्वास्तिक टेक्सटाइल मार्केट प्रोजेक्ट को लेकर वर्षों से चल रहा विवाद आखिरकार शनिवार को सुलझ गया। बिल्डर्स और निवेशकों के बीच हुई बैठक में यह सहमति बनी कि निवेशकों को उनकी निवेश की गई राशि वापस लौटा दी जाएगी।
शनिवार को वेसु स्थित सिद्धि विनायक मंदिर के पास नियन बैंक्वेट में स्वास्तिक मार्केट के बिल्डर भागीदारों और निवेशकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिल्डर कनुभाई ने निवेशकों को उनकी निवेश की गई राशि वापस करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी बिल्डर भागीदारों ने सहमति जताई। इस सहमति के साथ वर्षों से चला आ रहा विवाद सुलझ गया और निवेशकों में राहत की भावना देखी गई।
जानकारी के अनुसार गोडादरा रोड पर वर्ष 2017 में स्वास्तिक मार्केट प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी, जिसमें कई कपड़ा व्यापारियों और निवेशकों ने दुकानों के लिए करोड़ों रुपये का निवेश किया था। हालांकि लंबे समय तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण निवेशकों की राशि फंसी रह गई और उनमें असंतोष बढ़ता गया। करीब दो वर्ष पहले भी निवेशकों ने मार्केट परिसर के बाहर एकत्र होकर धरना प्रदर्शन किया था, लेकिन उस समय कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था।

निवेशक देव संचेती ने बताया कि कंगारू सर्कल, परवत पाटिया से गोडादरा रोड पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट में सैकड़ों निवेशकों ने वर्ष 2017 में करोड़ों रुपये लगाए थे। निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण निवेशकों का पैसा लंबे समय से फंसा हुआ था और बिल्डर्स की ओर से प्रोजेक्ट को लेकर कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई जा रही थी, जिससे निवेशकों में नाराजगी बढ़ रही थी।
शनिवार को आयोजित बैठक में एक समय माहौल कुछ गर्म भी हो गया, लेकिन बाद में बातचीत के जरिए समाधान निकल आया। बिल्डर्स ने आपसी सहमति से करीब छह से सात महीनों के भीतर निवेशकों की राशि लौटाने का भरोसा दिया। निवेशकों की ओर से राशि जल्द लौटाने की मांग की गई थी।अंततः सभी बिल्डरों द्वारा अपने-अपने हिस्से की राशि निवेशकों को लौटाने पर सहमति बन जाने से वर्षों पुराना विवाद समाप्त हो गया।

बैठक में बिल्डर अभिषेक सत्यनारायण राठी(एस.एन. राठी) एवं उनके भागीदार,लालचंद वरिया( बाहुबली),अमित सुनिल जैन(इंडियन वूमेन),विंनोद भाई( मधुप्रिया), कनुभाई, रमेश जुनेजा, अभिषेक चितकारा और राहुल असीजा तथा बड़ी संख्या में निवेशक उपस्थित रहे



