businessTextileक्राइमसूरत सिटी

सूरत में 66.83 लाख की ठगी: दिल्ली के व्यापारी ने दलाल के जरिए पांच व्यापारियों से कपड़ा मंगाकर किया भुगतान से इनकार

आनंद निवास मार्केट के व्यापारी समेत अन्य चार व्यापारियों से लाखों की धोखाधड़ी

सूरत।सूरत के रिंग रोड स्थित आदीनाथ मार्केट के पास आनंद निवास मार्केट में कपड़ा कारोबार से जुड़ा एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली के एक व्यापारी ने दलाल के माध्यम से पांच व्यापारियों से कपड़े का माल मंगाकर कुल 66.83 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया और संपर्क तोड़कर फरार हो गया। मामले में सलाबतपुरा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भटार रोड स्थित गीता प्रेस के सामने उमाभवन के पीछे पाश्र्वनाथ अपार्टमेंट में रहने वाले हरिप्रसाद रामेश्वरलाल लढा रिंग रोड पर आदीनाथ मार्केट के पास स्थित आनंद निवास मार्केट की दुकान नंबर 306 में श्री कृष्णा फेब्रिक्स नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं।
दिल्ली के प्रीतमपुरा स्थित रानीबाग निवासी अक्षय सिंघल, जो फाइन फेब टेक्सटाइल इंडिया नाम से व्यापार करते हैं, उन्होंने अपने दलाल सुभाष जी. सिंघल (4586/52, गेरपुरा, करोलबाग, नई दिल्ली) के माध्यम से 19 फरवरी 2024 से 23 मार्च 2024 के बीच सूरत के व्यापारियों से कपड़ा खरीदा था।
सबसे पहले हरिप्रसाद लढा की फर्म श्री कृष्णा फेब्रिक्स से 10,91,201 रुपये का कपड़ा खरीदा गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद व्यापारी और दलाल ने मोबाइल फोन बंद कर दिए, संपर्क समाप्त कर लिया और दुकान भी बंद कर दी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी दलाल के माध्यम से अन्य चार व्यापारियों से भी कपड़े का माल खरीदा गया। इनमें जय लक्ष्मी टेक्स प्रिंट्स प्रा. लि. से 24,23,832 रुपये, लविना क्रिएशन प्रा. लि. से 1,40,648 रुपये, काकरिया क्रिएशन से 19,86,575 रुपये और जे.बी. क्रिएशन से 10,40,849 रुपये का कपड़ा लिया गया।
इस प्रकार पांचों व्यापारियों से कुल 66,83,105 रुपये का माल खरीदकर भुगतान नहीं किया गया और ठगी को अंजाम दिया गया।
पांचों व्यापारियों की शिकायत के बाद सलाबतपुरा पुलिस ने व्यापारी अक्षय सिंघल और दलाल सुभाष सिंघल के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।फिलहाल मामले की आगे की जांच पुलिस इंस्पेक्टर के.वी. बारिया द्वारा की जा रही है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button