businessTextileसूरत सिटी

सारसाणा स्थित इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में चार दिवसीय मेगा ऑटो शो, 20 से अधिक नामी कंपनियां लेंगी हिस्सा

पश्चिम भारत का सबसे बड़ा ‘सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो-2026’ 13 मार्च से शुरूसूरत।दक्षिण गुजरात के व्यापारिक शहर सूरत में पश्चिम भारत का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल प्रदर्शनी ‘सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो-2026’ 13 मार्च से शुरू होने जा रहा है। चार दिवसीय इस मेगा ऑटो शो का आयोजन दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्री डेवलपमेंट सेंटर द्वारा सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (सारसाणा) में किया जा रहा है। यह आयोजन 13 से 16 मार्च तक चलेगा।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि चैंबर द्वारा आयोजित ऑटो एक्सपो का यह सातवां संस्करण है। गुजरात तेजी से ऑटोमोबाइल हब के रूप में विकसित हो रहा है, ऐसे में इस मेगा एक्सपो में देश की अग्रणी कंपनियां अपनी नई कारें, टू-व्हीलर, कमर्शियल व्हीकल्स और अत्याधुनिक वर्कशॉप टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन करेंगी।
चैंबर के उपाध्यक्ष अशोक जिरावाला के अनुसार एक्सपो का उद्घाटन शुक्रवार 13 मार्च को सुबह 10 बजे उपाकांत मारफतिया हॉल, सारसाणा में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में विंटेज एंड क्लासिकल कार क्लब ऑफ इंडिया के चेयरमैन नितिनभाई डोसा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं एसआरके ग्रुप के फाउंडर गोविंदभाई ढोलकिया, हरी कृष्णा एक्सपोर्ट्स प्रा. लि. के चेयरमैन पद्मश्री सवजीभाई ढोलकिया और केपी एनर्जी लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. फारूकभाई पटेल भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
चैंबर के मानद मंत्री बिजल जरीवाला और मानद कोषाध्यक्ष मितिष मोदी ने बताया कि इस एक्सपो में एक ही छत के नीचे संपूर्ण ऑटो सॉल्यूशंस उपलब्ध होंगे। इसमें वाहन के साथ-साथ ऑटो एक्सेसरीज, स्पेयर पार्ट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और हाइब्रिड वाहनों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
ऑटो एक्सपो के चेयरमैन मेहुल देसाई ने बताया कि इस मेगा शो में ऑडी, मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू, मिनी कूपर, टाटा मोटर्स, हुंडई, एमजी, स्कोडा, टोयोटा, महिंद्रा सहित 20 से अधिक प्रमुख ब्रांड भाग ले रहे हैं। टू-व्हीलर और कमर्शियल सेगमेंट में रॉयल एनफील्ड, सुजुकी, केटीएम, एथर, बजाज, यामाहा, टीवीएस समेत कई कंपनियों के वाहन भी प्रदर्शित होंगे।
इस एक्सपो में करीब 10 दुर्लभ विंटेज कारें भी प्रदर्शित की जाएंगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके अलावा 10 नए पैसेंजर व्हीकल्स और 3 कमर्शियल व्हीकल्स का अनावरण भी किया जाएगा। स्टंट बाइक शो और ऑफ-रोड ड्राइविंग ट्रैक भी दर्शकों को रोमांचित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button