businessTextileक्राइमसूरत सिटी

नाक साफ करने की मामूली बात पर एजेंट पर हमला, रघुकुल मार्केट में चार लोगों ने की मारपीट

सूरत। रिंग रोड स्थित रघुकुल मार्केट में एक कपड़ा एजेंट पर मामूली बात को लेकर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि एजेंट द्वारा नाक साफ करने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि 3-4 हमलावरों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीट दिया, यहां तक कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार पांडे नामक व्यक्ति रघुकुल मार्केट में एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। वह एक व्यापारी का काम पूरा कर मार्केट की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे, तभी सर्दी के कारण उन्हें छींक आई और उन्होंने नाक साफ की। इसी बात पर वहां मौजूद पार्सल उठाने वाले हमाल नाराज हो गए और उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने दिलीप पांडे पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने मुंह-हाथ से मारपीट करने के साथ-साथ पार्सल पैकिंग में उपयोग होने वाली बड़ी सुई और कैंची जैसे औजारों से भी हमला किया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उनके शरीर पर पहने कपड़े तक फट गए। घटना से मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमालों का एक गिरोह मार्केट में दबदबा बनाए हुए है और छोटी-छोटी बातों पर भी समूह बनाकर हमला करता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि ऐसे तत्वों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में गंभीर अपराध हो सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सलाबतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की। पुलिस ने मार्केट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं, पुलिस और मीडिया के पहुंचने की जानकारी मिलते ही दो-तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button