businessTextileअहमदबादसूरत सिटी

घाना-केन्या व्यापार दौरा सफल, अफ्रीका में निवेश और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे

सूरत।दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) के प्रतिनिधिमंडल का हाल ही में आयोजित घाना एवं केन्या व्यापारिक दौरा अत्यंत सफल रहा, जिसमें व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग के अनेक नए अवसर सामने आए।
घाना प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने घाना गोल्ड बोर्ड के साथ बैठक कर गोल्ड लाइसेंसिंग प्रणाली और संचालन प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही घाना स्थित भारतीय दूतावास के Chargé d’Affaires वी.एन. परमेश्वरन से मुलाकात कर व्यापार, शैक्षणिक आदान-प्रदान और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया। PwC की विशेषज्ञ आयशा बेडेवी ने घाना के निवेश वातावरण और उभरते उद्योग क्षेत्रों की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मदीना चैंबर ऑफ कॉमर्स की भी यात्रा की, जहां स्थानीय उद्यमियों के साथ बैठक आयोजित हुई तथा दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने हेतु MoU पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम घाना के सांसद फ्रांसिस-जेवियर कोजो सोसू की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
20 फरवरी 2026 को प्रतिनिधिमंडल ने घाना संसद भवन का दौरा कर संसदीय कार्यवाही का अवलोकन किया और शासन प्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद 21 फरवरी को केन्या में वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन, सस्टेनेबल टूरिज्म और संरक्षण मॉडल का अध्ययन किया गया।
SGCCI उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि इस दौरे से भारत-अफ्रीका व्यापार संबंध मजबूत हुए हैं। विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों ने गोल्ड ट्रेड, हेल्थकेयर, इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल, वॉटर ट्रीटमेंट और FMCG क्षेत्रों में सैकड़ों करोड़ रुपये के संभावित व्यवसाय की उम्मीद जताई है।
यह दौरा भविष्य में दीर्घकालिक व्यापारिक साझेदारी और निवेश सहयोग की मजबूत नींव साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button