एलपीजी की कमी से मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई के रेस्टोरेंट संकट में
19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर में लगभग 115 रुपये और घरेलू सिलेंडर में 60 रुपये की बढ़ोतरी

मुंबई।मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और इज़राइल-ईरान संघर्ष का असर अब भारत के रसोईघरों तक पहुंच गया है। गैस सप्लाई में बाधा आने से देश के कई बड़े शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी हो गई है, जिसके कारण होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि यदि गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दो दिनों में कई शहरों के रेस्टोरेंट्स को कुछ दिनों के लिए बंद करना पड़ सकता है। कमर्शियल गैस की सप्लाई और डिलीवरी में देरी से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं कराया गया तो 10 मार्च से शहर के हजारों रेस्टोरेंट और खान-पान की दुकानें बंद करनी पड़ सकती हैं। एसोसिएशन का कहना है कि अचानक कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल कारोबारियों के साथ-साथ रोज बाहर भोजन करने वाले छात्र, डॉक्टर और आम नागरिक भी परेशानी में पड़ सकते हैं।
इसी तरह मुंबई में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल उद्योग मुश्किलों का सामना कर रहा है। शहर के कई इलाकों में सिलेंडर रिफिल कराने के लिए 2 से 8 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस डीलरों के अनुसार रविवार से कमर्शियल सप्लाई लगभग ठप जैसी स्थिति में है, जिसके चलते कई रेस्टोरेंट संचालक काले बाजार से महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हो गए हैं।
मुलुंड में होटल सागर चलाने वाली अन्ना शेट्टी ने बताया कि कई स्थानों पर सिलेंडर की सप्लाई बंद हो गई है और जहां मिल भी रहा है वहां कीमतें बढ़ गई हैं। पहले 1750 रुपये में मिलने वाला कमर्शियल सिलेंडर अब लगभग 1950 रुपये में मिल रहा है।
महाराष्ट्र के पुणे में गैस की कमी के कारण गैस आधारित श्मशान घाटों को भी अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। वहीं दक्षिण भारत के चेन्नई में होटल एसोसिएशन ने सरकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि गैस सप्लाई बहाल नहीं हुई तो पर्यटन और स्थानीय उद्योग को बड़ा नुकसान हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार तमिलनाडु के अलावा पंजाब, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस की सप्लाई सीमित कर दी है। सरकार फिलहाल घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दे रही है ताकि आम लोगों के घरों में रसोई प्रभावित न हो।
इस बीच गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 115 रुपये और घरेलू सिलेंडर में लगभग 60 रुपये का इजाफा किया गया है।




