
सूरत। टेक्सटाइल नगरी सूरत में आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन द्वारा आयोजित पारंपरिक होली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास और भाईचारे के माहौल में सम्पन्न हुआ। एसोसिएशन द्वारा पिछले 65 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस फागुन उत्सव में शहर सहित देशभर से जुड़े आढ़तिया कपड़ा व्यापारियों एवं संगठन सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रंगों के पावन पर्व होली को प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाने के उद्देश्य से आयोजित समारोह में फूलों की होली मुख्य आकर्षण रही। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर होली उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह में सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम गहलोत विशेष रूप से उपस्थित रहे। एसोसिएशन के प्रमुख प्रहलाद अग्रवाल ने बताया कि फागुन महोत्सव के अंतर्गत जयपुर से आए प्रख्यात गायक कलाकारों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। राजस्थान के पारंपरिक घूमर नृत्य एवं लोकगीतों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बन गया।
कार्यक्रम के दौरान ठंडाई एवं पारंपरिक अल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समारोह में उपमहापौर नरेन्द्र पाटिल, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, सलाबतपुरा पुलिस इंस्पेक्टर, साउथ गुजरात टेक्सटाइल ट्रेडर्स के प्रतिनिधि, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन पदाधिकारी, रूंगटा बिल्डर्स के चेयरमैन अनिल रूंगटा, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रमुख, टेक्सटाइल, मिल एवं वीवर संगठनों के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
होली उत्सव में शहर के प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक हस्तियां, व्यापारिक संगठन एवं विभिन्न टेक्सटाइल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। हजारों लोगों ने मिलकर होली का पर्व प्रेम और उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर सभी सदस्यों एवं अतिथियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन के सफल संचालन हेतु सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




