businessTextileसूरत सिटी

यूपी-दिल्ली के व्यापारियों ने सूरत के व्यापारी से की 41.24 लाख रुपये की धोखाधड़ी

ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारी से उधार में कपड़ा खरीदकर पांच आरोपी फरार

सूरत।सूरत के वराछा क्षेत्र स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट के एक कपड़ा व्यापारी के साथ 41.24 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के पांच व्यापारियों ने समय पर भुगतान करने का भरोसा देकर उधार में कपड़े का माल खरीदा और बाद में बिना भुगतान किए फरार हो गए।
मामले की जानकारी के अनुसार भटार चार रास्ता स्थित मधुरम अपार्टमेंट में रहने वाले तथा मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर निवासी संतोषकुमार किशन लाहोटी (उम्र 50 वर्ष) वराछा स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में बालाजी फैब्रिक्स नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं।
आरोप है कि राजेंद्र साद (ए.आर. एंटरप्राइज, इंदिरापुरम, गाजियाबाद), मोहित अग्रवाल (एम.के. ट्रेडर्स, प्रताप विहार, गाजियाबाद), संदीपकुमार (आसी रिटेल, गौतम बुद्ध नगर, नोएडा), संदीपकुमार (मयूर विहार, दिल्ली) तथा मनीषकुमार (एम.एस. एंटरप्राइज, गांधी नगर, दिल्ली) ने 1 अक्टूबर 2024 से अलग-अलग समय पर कुल 41,24,009 रुपये मूल्य का कपड़े का माल उधार में खरीदा था।
व्यापारियों ने समय पर भुगतान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय अवधि बीतने के बाद भी रकम नहीं चुकाई। जब संतोषकुमार लाहोटी ने भुगतान की उगाही शुरू की तो आरोपियों ने शुरुआत में बहाने बनाकर समय टाल दिया। बाद में आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया और अपनी दुकानों पर ताला लगाकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने वराछा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों में टीम भेजी जा रही है तथा व्यापारिक दस्तावेजों और लेनदेन की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button