
वराछा स्थित सूरत ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में कपड़ा व्यापारी के साथ 10.99 लाख रुपये की ठगी के मामले में वराछा पुलिस ने कपड़ा दलाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिटीलाइट क्षेत्र स्थित अमीधारा अपार्टमेंट में रहने वाले रमेशभाई किरीटभाई गुडलक, जो सूरत ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नंबर जे/1744 (प्रथम मंजिल) पर “सी.के. इंडस्ट्रीज” नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं, उनके साथ यह धोखाधड़ी की गई।
रिंग रोड स्थित राज टेक्सटाइल टावर में दुकान नंबर जी/39 पर “नाकोडा एंटरप्राइज” फर्म चलाने वाले व्यापारी ओमप्रकाश भेराराम फरघोडा ने कपड़ा दलाल अनिलभाई चेवली के माध्यम से 8 जनवरी 2025 से 27 जनवरी 2025 के बीच कुल 10,99,561 रुपये मूल्य का कपड़ा माल खरीदा था। निर्धारित समय पर भुगतान न करने पर मामला विवादित हो गया।
लगातार भुगतान की मांग के बावजूद रकम अदा नहीं की गई, जिसके चलते 25 नवंबर 2025 को वराछा पुलिस थाने में व्यापारी ओमप्रकाश फरघोडा और कपड़ा दलाल अनिलभाई चेवली के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) एवं 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच कर रहे पीएसआई वी.ए. चौधरी ने कार्रवाई करते हुए कपड़ा दलाल अनिलकुमार हसमुखलाल चेवली (उम्र 58 वर्ष, निवासी डी/601, पायोनियर ड्रीम, वडोद गांव, सूरत) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




