
वेसु के बिल्डर से नई शर्त की जमीन को पुरानी शर्त में बदलने के नाम पर 1.51 करोड़ की ठगी
जमीन खरीद-फरोख्त का कारोबार करने वाले जयराजसिंह अटोदऱिया ने राज और संदीप मिश्रा के खिलाफ अलथाण थाने में दर्ज कराई शिकायत
सूरत। वेसु केनाल रोड क्षेत्र में रहने वाले एक बिल्डर से नई शर्त की जमीन को पुरानी शर्त में बदलवाने के नाम पर 1.51 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित बिल्डर ने अलथाण पुलिस थाने में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वेसु केनाल रोड स्थित श्री निकेतन अपार्टमेंट में रहने वाले जयराजसिंह निलेश अटोदऱिया (उम्र 27) जमीन खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करते हैं। उनकी परवत पाटिया, गोडादरा रोड क्षेत्र में नई शर्त की जमीन है।
जयराजसिंह ने इस जमीन को पुरानी शर्त में बदलवाने के लिए 12 अप्रैल 2022 को अलथाण के श्याम मंदिर के पास रहने वाले राज शालीग्राम मिश्रा (निवासी: अवध कॉपर स्टोन, अवध यूटोपिया के पास, डुमस रोड) और संदीप श्रीराम मिश्रा (निवासी: लक्ष्मण नगर, गोडादरा गांव) को काम सौंपा था।
दोनों आरोपियों ने यह काम कराने के बदले जयराजसिंह से कुल 1.81 करोड़ रुपये लिए थे। यह रकम नकद, बैंक ट्रांजेक्शन और सोने के रूप में दी गई थी। इतनी बड़ी राशि लेने के बावजूद दोनों ने जमीन को पुरानी शर्त में तब्दील कराने का काम पूरा नहीं किया।
जब जयराजसिंह ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने किश्तों में 17 जून 2024 तक केवल 30 लाख रुपये लौटाए। इसके बाद भी बाकी 1.51 करोड़ रुपये वापस नहीं किए और टालमटोल करते रहे।
आखिरकार खुद के साथ हुई ठगी से परेशान होकर जयराजसिंह अटोदऱिया ने अलथाण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



