
सूरत के रिंग रोड स्थित न्यू टेक्सटाइल मार्केट में कपड़ा व्यापारी के साथ करीब 16.96 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। हैदराबाद के दो कारोबारियों ने विश्वास में लेकर ड्रेस मटेरियल मंगवाया और भुगतान किए बिना ही धमकी देकर फरार हो गए। सलाबतपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लींबायत रुस्तमपार्क सोसायटी निवासी अज़हर फारूक शेख (34) रिंग रोड न्यू टेक्सटाइल मार्केट में ‘सोनेरी क्रिएशन’ नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं। व्यापार के सिलसिले में उनकी पहचान हैदराबाद के मोहम्मद गौस खान मोहम्मद अकबर खान और कपड़ा दलाल सरफराज नागानी से हुई थी।शिकायत के अनुसार 21 अगस्त 2024 से 23 अगस्त 2024 के बीच आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से भरोसा जीतकर कुल 16,96,874 रुपये का ड्रेस मटेरियल मंगवाया। समय पर भुगतान करने का आश्वासन देकर माल अपने कब्जे में ले लिया गया। लेकिन माल पहुंचने के बाद बार-बार मांग करने के बावजूद रकम का भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि जब व्यापारी ने पैसे की उगाही की कोशिश की तो उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। बताया जाता है कि मोहम्मद गौस खान हैदराबाद के मोगलपुरा रोड, तालाब कट्टा और भवानी नगर क्षेत्र का निवासी है, जबकि सरफराज नागानी मोगलपुरा इलाके में दलाली का काम करता है। पीड़ित व्यापारी अज़हर शेख ने बताया कि विश्वास के आधार पर बड़ा माल भेजा गया था, लेकिन भुगतान न मिलने से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। करीब 16.96 लाख रुपये की ठगी से टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। सलाबतपुरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मोबाइल संपर्क, लेन-देन और माल की सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं



