
सूरत।राज्य सरकार ने सूरत नगर निगम आयुक्त शालिनी अग्रवाल का तबादला करते हुए उन्हें गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (GUVNL), वडोदरा का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया है। उनके स्थान पर 2009 बैच के आईएएस अधिकारी नागराजन एम. को सूरत का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नागराजन एम. इससे पहले सूरत में डिप्टी कमिश्नर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, जिसके कारण वे शहर की भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था से भली-भांति परिचित हैं। सूरत स्मार्ट सिटी परियोजना की नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रही है। वे जीएसआरटीसी के एमडी पद पर रहते हुए सूरत आए थे। डिप्टी कमिश्नर के कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्मार्ट सिटी मिशन और आईटी विभाग में उल्लेखनीय कार्य किया। प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष जोर दिया और तकनीक के अधिकतम उपयोग की हमेशा वकालत की।
वहीं, शालिनी अग्रवाल ने सूरत में अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान कई चुनौतियों के बीच सराहनीय और प्रभावशाली कार्य किया। उनके नेतृत्व में शहर के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रकल्पों को गति मिली और उन्होंने नगर प्रशासन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।




