
सूरत।दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं सूरत एम्ब्रॉयडरी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में सरसाणा स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में ‘सूरत इंटरनेशनल टेक्सटाइल एंड मशीनरी एक्सपो – सीटमे 2026’ का शुक्रवार से भव्य शुभारंभ हुआ।

कलक्टर डॉ. सौरभ पारधी ने किया उद्घाटन
सीटमे एक्सपो का उद्घाटन सूरत के कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सौरभ पारधी के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के अध्यक्ष कैलाश हकीम तथा अजमेरा फैशंस लिमिटेड के सीईओ एवं फाउंडर अजय अजमेरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला ने स्वागत भाषण दिया।

टेक्सटाइल उद्योग रोजगार का बड़ा आधार
अशोक जीरावाला ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग कृषि के बाद देश का सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है। सूरत शहर में लगभग 24 लाख लोग टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े हैं। शहर में करीब 2 लाख एम्ब्रॉयडरी मशीनें कार्यरत हैं, जिनसे महिला सशक्तिकरण को विशेष बढ़ावा मिला है। वर्तमान में 2 लाख से अधिक महिलाएं एम्ब्रॉयडरी सेक्टर से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि सीटमे प्रदर्शनी के लिए पहली बार डोम भी कम पड़ गए, जो उद्योगजगत की उत्साहपूर्ण भागीदारी को दर्शाता है

उद्योग के सर्वांगी विकास में अहम भूमिका
कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी ने कहा कि सूरत के समग्र विकास में टेक्सटाइल उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। टेक्सटाइल उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एम्ब्रॉयडरी सेक्टर की विशेष भूमिका रही है। इस एक्सपो में टेक्सटाइल क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक मशीनरी का व्यापक प्रदर्शन किया गया है, जिससे उद्योगकारों को नई तकनीक अपनाने का अवसर मिलेगा और टेक्सटाइल उद्योग का सर्वांगी विकास संभव होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी को अभूतपूर्व प्रतिसाद मिलेगा और इससे सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री और अधिक सशक्त बनेगी।
100 से अधिक ब्रांड, दो डोम पूरी तरह भरे
सूरत एम्ब्रॉयडरी एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी संजय झा ने बताया कि भारत की सबसे बड़ी टेक्सटाइल मशीनरी प्रदर्शनियों में शामिल इस एक्सपो में दोनों डोम पूरी तरह भर चुके हैं। यहां 100 से अधिक अग्रणी एम्ब्रॉयडरी मशीनरी ब्रांड एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किए गए हैं, जो उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि है।
देशभर से 66 एग्ज़िबिटर्स की भागीदारी
सरसाणा में आयोजित सीटमे एक्सपो में 66 एग्ज़िबिटर्स भाग ले रहे हैं, जिनमें सूरत के साथ-साथ अहमदाबाद, नई दिल्ली, पुणे, राजकोट, ठाणे और वलसाड के एग्ज़िबिटर्स शामिल हैं। प्रदर्शनी में एम्ब्रॉयडरी मशीनरी के अलावा मशीनरी पार्ट्स, धागे, डोरी, बीड्स एवं अन्य सहायक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
पहली बार पोज़िशन एम्ब्रॉयडरी मशीनरी लॉन्च
सीटमे एक्सपो में सूरत में पहली बार पोज़िशन एम्ब्रॉयडरी मशीनरी लॉन्च की गई, जिससे हैंडवर्क और खटली वर्क संभव होगा। यह मशीनरी पोज़िशन प्रिंटिंग, एम्ब्रॉयडरी, जैकार्ड और शिफली जैसे विभिन्न टेक्सटाइल सेगमेंट के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




