
सूरत। सचिन जीआईडीसी स्थित योगी फेब टेक फर्म के वीवर से डाईड साड़ी कपड़े का माल मंगवाकर 1.60 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे कनक क्रिएशन फर्म के मालिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वराछा रोड पर महेश्वरी सोसायटी में रहने वाले वीवर विवेकानंद दलसुखभाई वसोया सचिन जीआईडीसी के लक्ष्मी टेक्सटाइल पार्क में योगी फेब टेक और योगी नोवा टेक्स नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं। इनके पास से सारोली कुबेर मार्केट स्थित कनक क्रिएशन फर्म के व्यापारी विनोद जैन, उसके संचालक जठमल नथूलाल जैन, श्री कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल में अरिहंत सिल्क फर्म चलाने वाले महावीर शांतिलाल मेहता और आर.के. फैशन के मालिक कालूसिंह देओरा ने कपड़ा दलाल हनुमानराम चौधरी के माध्यम से 11 अप्रैल 2024 से 16 अगस्त 2024 के बीच टॉप डाईड साड़ी का कपड़ा मंगवाया था। भुगतान न करते हुए इन सभी ने कुल 1,60,73,947 रुपये की ठगी की।
इस मामले में विवेकानंद वसोया ने 8 फरवरी 2025 को दलाल सहित पांचों के खिलाफ IPC की धारा 409, 420 और 120 (बी) के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पीआई एस.आर.राणा ने पहले कपड़ा दलाल हनुमानराम चौधरी और कनक क्रिएशन के संचालक जेठमल जैन को गिरफ्तार किया था।
अब पुलिस ने फरार चल रहे कनक क्रिएशन फर्म के मालिक विनोदकुमार बाबूलाल जैन (उम्र 39, निवासी स्वामीनारायण नगर, वराछा, मूल निवासी पदराड़ा, थाना सायरा, जिला उदयपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




